लातेहार : जिला मुख्यालय के चरमुहान स्थित रेलवे स्टेशन रोड पर संचालित ‘सौम्या मेडिकल स्टोर’ में कथित रूप से अवैध गर्भपात कराए जाने का मामला सामने आया है। बीती देर रात प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर में छापेमारी की और जांच के बाद दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद शहर और आसपास के इलाकों में चर्चा का माहौल रहा। प्रशासन के अनुसार, मेडिकल स्टोर की आड़ में कथित अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
Read More : धुर्वा डैम से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस
डीसी के निर्देश पर गठित की गई संयुक्त टीम
मिली जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि चरमुहान स्थित सौम्या मेडिकल स्टोर में स्वास्थ्य संबंधी नियमों का उल्लंघन करते हुए कथित रूप से अवैध गर्भपात कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी संदीप कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मेडिकल स्टोर में छापेमारी के निर्देश दिए गए।
देर रात छापेमारी के बाद दुकान की जांच
डीसी के निर्देश के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात सौम्या मेडिकल स्टोर में अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान के भीतर जांच-पड़ताल की गई। प्रशासनिक टीम के अनुसार, जांच के दौरान कथित अवैध गतिविधियों से जुड़े साक्ष्य मिले। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। फिलहाल मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।




