रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा घोटाला मामले में जेल में बंद आरोपी बुद्धेश्वर भगत की जमानत याचिका पर आज यानी शनिवार को रांची स्थित सीआईडी (CID) की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। अदालत ने सुनवाई के दौरान केस डायरी का अवलोकन किया और मामले की अगली सुनवाई के लिए तिथि निर्धारित कर दी है। आरोपी बुद्धेश्वर भगत ने अपने अधिवक्ता कुंदन कुमार वर्मा के माध्यम से विशेष अदालत में जमानत अर्जी दाखिल की है। मालूम हो कि जांच एजेंसी CID ने 5 अगस्त 2026 को बुद्धेश्वर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह मूल रूप से लोहरदगा जिले के बेजवाली गांव का निवासी है।
Read More : धनबाद में शराब दुकान के बाहर खूनी संघर्ष, युवक के सिर पर फोड़ी बोतल
NHM में कंप्यूटर ऑपरेटर था आरोपी
जांच रिपोर्ट के अनुसार बुद्धेश्वर भगत वर्ष 2008 से रांची के नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कार्यालय में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। नौकरी में रहते हुए उसने जमीन की खरीद-बिक्री का कारोबार भी शुरू कर दिया था।
अभय तिवारी से मिलीभगत कर रचा घोटाला
आरोपों के मुताबिक वर्ष 2022-23 के दौरान NHM कार्यालय में आउटसोर्सिंग का काम लेने के सिलसिले में बुद्धेश्वर की मुलाकात अभय कुमार तिवारी से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच सांठगांठ बढ़ती गई। आरोप है कि इसी साठगांठ के जरिए दोनों ने मिलकर जेपीएससी परीक्षा में धांधली और घोटाले के ताने-बाने को अंजाम दिया। फिलहाल सीआईडी मामले की गहन जांच कर रही है।




