रांची:आम जनमानस के उत्तम स्वास्थ्य के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को निभाते हुए, झारखंड प्रदेश शौंडिक संघ द्वारा रविवार को सर्कुलर रोड स्थित नागड़ाटोली के सामुदायिक भवन ‘निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में शहर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सैकड़ों लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
शिविर में मरीजों को एक ही छत के नीचे कई तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क प्रदान की गईं। शिविर में मुख्य रूप से हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल एवं शिशु रोग, दंत रोग और नेत्र रोग से संबंधित विभिन्न बीमारियों की विशेषज्ञ जांच की गई। डॉक्टरों के परामर्श के बाद जरूरतमंद लोगों को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई ।
इसके साथ ही, शिविर में आने वाले लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और बीमारियों से बचाव के लिए उचित मार्गदर्शन भी दिया गया। संस्था द्वारा एक विशेष और सराहनीय पहल करते हुए, नेत्र जांच में दृष्टि दोष या पावर की समस्या से ग्रसित पाए गए छोटे बच्चों को मुफ्त में चश्मे भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन संयोजन अरुण देव कुमार और संजय साहू के नेतृत्व में किया गया, जिनकी देखरेख में शिविर की व्यवस्था बनाने में उदय साहू, कुणाल शाह, आकाश अंकुर, श्रवा साहू और रवि साहू सहित समाज के कई अन्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।




