रांची : झारखंड सरकार में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायकों द्वारा CM आवास के समक्ष दिया गया धरना सामान्य प्रदर्शन नहीं था, बल्कि यह CM की हत्या का एक प्रयास था, जिसमें मुख्यमंत्री बाल-बाल बच गए। मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा के विधायकों ने सदन की कार्यवाही छोड़कर CM आवास का घेराव किया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई CM आवास की दीवार फांदकर भीतर घुस जाता तो कितनी बड़ी अनहोनी हो सकती थी। इस मामले को लेकर उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की है कि ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनसे गहन पूछताछ की जाए और मंशा स्पष्ट होने पर कठोर कार्रवाई की जाए।
Read More : जमशेदपुर में झारखंड बंद का मिला-जुला असर, कई बाजार रहे बंद
युवाओं के आंदोलन पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार पूरी तरह से राज्य के युवाओं के साथ है और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने घेराव के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा बरते गए संयम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों ने मार सही, लेकिन आंदोलन कर रहे युवाओं पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की, क्योंकि वे राज्य के ही बच्चे हैं। सरकार लाठी-गोली की जगह वार्ता और समाधान पर विश्वास रखती है।
इसके साथ ही डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर छात्रों के आंदोलन का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि जानकारी के अनुसार भाजपा विधायकों के आवासों पर सौ-सौ असामाजिक तत्वों को ठहराया गया था, ताकि युवाओं के आंदोलन में शामिल होकर माहौल खराब किया जा सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा को अपनी मर्यादा में रहना चाहिए और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करना चाहिए।




