नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ अगले महीने से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। 15 अगस्त से शुरू हो रही इस सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम में पहली बार ऑफ स्पिनर और ऑलराउंडर सारांश जैन को जगह मिली है। वहीं अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा लंबे अंतराल के बाद टेस्ट टीम में लौटे हैं।
करीब नौ महीने बाद जडेजा की वापसी
रवींद्र जडेजा नवंबर 2025 के बाद पहली बार भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा बने हैं। आईपीएल 2026 के दौरान टेनिस एल्बो की चोट के कारण वह मैदान से बाहर थे। अब पूरी तरह फिट होने के बाद चयनकर्ताओं ने उन पर फिर भरोसा जताया है। उनकी वापसी से भारतीय टीम के स्पिन विभाग को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Read More : JPSC भर्ती अनियमितता जांच में बड़ा कदम, पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते CID मुख्यालय पहुंचे
सारांश जैन को शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
घरेलू क्रिकेट और इंडिया-ए के लिए लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है। हाल ही में श्रीलंका दौरे पर इंडिया-ए की ओर से खेले गए दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में उन्होंने नाबाद 70 रन बनाने के साथ छह विकेट भी झटके थे। सारांश का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने 54 प्रथम श्रेणी मैचों में 2,223 रन बनाए हैं और 188 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौका मिला है।
वॉशिंगटन सुंदर अभी पूरी तरह फिट नहीं
ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर राइट हैमस्ट्रिंग स्ट्रेन से उबर रहे हैं। फिटनेस पूरी तरह हासिल नहीं होने की वजह से उन्हें श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए नहीं चुना गया है। उनकी अनुपस्थिति में सारांश जैन को टीम में जगह मिली है।
बुमराह पर फिटनेस टेस्ट के बाद होगा फैसला
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम टीम में शामिल किया गया है, लेकिन BCCI ने साफ किया है कि अंतिम फैसला उनके फिटनेस टेस्ट के बाद लिया जाएगा। इंग्लैंड दौरे पर वनडे सीरीज के दौरान उन्हें चोट लगी थी, जिसके बाद उनकी वापसी को लेकर मेडिकल टीम लगातार नजर बनाए हुए है।
WTC के लिहाज से अहम होगी सीरीज
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के तहत श्रीलंका में दो टेस्ट मैच खेलेगी। सीरीज शुरू होने से पहले टीम 7 अगस्त से कोलंबो में चार दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलेगी। पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान में होगा। भारत के लिए यह सीरीज काफी अहम मानी जा रही है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 2-0 की हार के बाद टीम WTC अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है, जबकि श्रीलंका छठे स्थान पर मौजूद है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है।
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।




