रांची : गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के रांची स्थित आवास पर विघ्नहर्ता, मंगलकर्ता भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा विधिवत स्थापित की गई। संजय सेठ ने अपने परिजनों और स्वजनों के साथ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की तथा सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए गणपति महाराज का आह्वान किया। इस विशेष धार्मिक आयोजन में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने गणपति महाराज की आरती उतारकर पूजा-अर्चना की और राज्यवासियों के लिए मंगलकामना की।
Read More : रांची में झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा की बैठक, अक्टूबर में होगी राज्यस्तरीय संगोष्ठी
लगातार सात दिनों तक विराजेंगे गणपति बप्पा
केंद्रीय मंत्री के आवास पर गणपति बप्पा लगातार सात दिनों तक विराजमान रहेंगे। इस दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम को विशेष आरती तथा पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल होंगे।
कई गणमान्य लोग और श्रद्धालु हुए शामिल
गणेश पूजन के पहले दिन रांची की मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष वरुण साहू और पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू सहित रांची के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने बप्पा के दर्शन कर आरती में भाग लिया।




