जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में बीती देर रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। हमलावरों ने चार राउंड गोली चलाई, जिसमें आबिद हुसैन नाम के युवक के बाएं हाथ में गोली लगी। घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। यह घटना झारखंड की DGP तदाशा मिश्रा की जमशेदपुर में बढ़ते अपराध को लेकर हुई समीक्षा बैठक के करीब 12 घंटे बाद हुई। गुरुवार को DGP ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
Read More : जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले दिल्ली में बढ़ी सुरक्षा, 11 मेट्रो स्टेशन बंद
दोस्तों के साथ बैठा था युवक
जानकारी के मुताबिक, आबिद हुसैन अपने घर के सामने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बाद एक युवक स्कूटर से वहां पहुंचा और आबिद हुसैन पर फायरिंग कर दी। इस दौरान कुल चार राउंड गोली चलने की बात सामने आई है। इनमें दो राउंड हवा में चलाए गए, जबकि दो गोलियां आबिद को लगीं।
पुलिस ने मौके से खोखे किए बरामद
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं। साथ ही, फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान के लिए पूछताछ की जा रही है। सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि घायल आबिद हुसैन को इलाज के लिए MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और फायरिंग करने वाले आरोपी की तलाश जारी है। थाना प्रभारी ने कहा कि घायल व्यक्ति से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
DGP की बैठक के बाद फिर फायरिंग
जमशेदपुर में पिछले एक सप्ताह के दौरान हुई कई आपराधिक घटनाओं के बीच यह फायरिंग सामने आई है। गुरुवार को DGP तदाशा मिश्रा ने शहर में बढ़ते अपराध को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी और अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।




