जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के निर्देश पर अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग की टीम ने एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा इलाके में छापेमारी कर नकली विदेशी शराब बनाने वाली एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से 88 लीटर तैयार नकली विदेशी शराब के साथ-साथ शराब निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में सामग्री जब्त की गई।
Read More : जमशेदपुर में QR कोड आधारित डिजिटल बीट पुलिसिंग शुरू, ऑनलाइन होगी निगरानी
गुप्त सूचना पर अर्धनिर्मित मकान में छापा
सहायक आयुक्त उत्पाद अरुण कुमार मिश्रा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने तुरियाबेड़ा स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान से लगभग 70 लीटर खुली रंगीन नकली विदेशी शराब और दो कार्टन में बंद करीब 18 लीटर बोतलबंद नकली शराब बरामद की गई।
भारी मात्रा में रैपर, ढक्कन और कैरामेल बरामद
छापेमारी के दौरान विभिन्न नामी ब्रांडों के सीलिंग कॉर्क, ढक्कन, बोतलों पर लगने वाले फ्रंट और रियर लेबल, शराब को रंग व स्वाद देने वाला कैरामेल तथा नकली उत्पाद आसंजक (EAL) सहित कई उपकरण जब्त किए गए। इन सभी सामग्रियों का इस्तेमाल नकली शराब को असली बनाकर बाजार में खपाने के लिए किया जा रहा था।
फरार संचालक बिट्टू महतो के खिलाफ मामला दर्ज
उत्पाद विभाग के अनुसार, इस मिनी फैक्ट्री का संचालन संकोसाई रोड नंबर-1 (रिफ्यूजी कॉलोनी) निवासी बिट्टू कुमार महतो द्वारा किया जा रहा था। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।



