रांची: राजधानी के अपर बाजार के बाजार टांड़ स्थित निगम द्वारा आवंटित दुकानों से जुड़े पेनाल्टी एवं नाम ट्रांसफर के पुराने विवाद के संबंध में रांची नगर निगम द्वारा दुकानदारों को लगातार जारी किए जा रहे नोटिस पर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने चिंता व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त को पत्राचार कर त्यौहारी सीजन को देखते हुए दुकानदारों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
रांची नगर निगम, चैंबर और रांची नगर निगम किरायेदार संघ के प्रतिनिधियों को शामिल कर एक समन्वय समिति गठित की जाए
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि त्यौहारों के महत्वपूर्ण सीजन में इस प्रकार की कार्रवाई से व्यवसायियों में अनिश्चितता का माहौल बन रहा है तथा उनके कारोबार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस पुराने विवाद के स्थायी समाधान के लिए चैंबर द्वारा पूर्व में भी निगम को सुझाव सौंपा गया है। उन्होंने सुझाया कि रांची नगर निगम, चैंबर और रांची नगर निगम किरायेदार संघ के प्रतिनिधियों को शामिल कर एक समन्वय समिति गठित की जाए, जिसके माध्यम से आपसी विमर्श एवं समन्वय के आधार पर लंबित विवादों का समाधान निकाला जा सके।
चैंबर अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वर्तमान में पोर्टल पर तकनीकी समस्याओं के कारण नये ट्रेड लाइसेंस जारी करने एवं पुराने ट्रेड लाइसेंस के नवीनीकरण की प्रक्रिया भी प्रभावित है। उन्होंने नगर आयुक्त से आग्रह किया कि त्यौहारी सीजन को देखते हुए दंडात्मक कार्रवाई के बजाय संवाद एवं समाधान का मार्ग अपनाते हुए दुकानदारों को राहत प्रदान किया जाए ताकि वे निर्बाध रूप से अपना व्यवसाय संचालित कर सकें और निगम के राजस्व को भी नुकसान न हो। यह जानकाारी प्रवक्ता विनीता सिंघानिया ने दी।





