रांची : भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री, महान स्वतंत्रता सेनानी और भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर मंगलवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और देश निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
Read More : वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित ने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से की मुलाकात
शिक्षा के क्षेत्र में मौलाना आजाद का योगदान याद किया
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अख्तर अली ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद दूरदर्शी नेता और आधुनिक भारतीय शिक्षा व्यवस्था के प्रमुख निर्माता थे। देश के पहले शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने शिक्षा की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि आईआईटी, यूजीसी और साहित्य अकादमी जैसी संस्थाओं की स्थापना में मौलाना आजाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन संस्थाओं का योगदान आज भी देश के विकास में अहम है।
देश की एकता और भाईचारे को हमेशा सर्वोपरि रखा
अख्तर अली ने कहा कि मौलाना आजाद ने हमेशा देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को प्राथमिकता दी। उन्होंने समाज को जोड़ने और हर नागरिक तक शिक्षा पहुंचाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में मौलाना आजाद के विचार और उनके स्थापित मूल्य पहले से अधिक प्रासंगिक हैं। कांग्रेस पार्टी उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज के हर वर्ग तक शिक्षा और न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए संकल्पबद्ध है।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
कार्यक्रम में राजन वर्मा, जगदीश साहू, कमल ठाकुर, राजू राम, विजय सिंह, अब्दुस सलाम, विनय सिन्हा, हुसैन अंसारी और रामानंद केसरी समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मौलाना आजाद के विचारों पर चलने और देश में आपसी सौहार्द तथा शिक्षा के प्रसार को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


