धनबाद : झारखंड के धनबाद में जमीन के विवाद को लेकर एक 32 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामला बरवाअड्डा थाना इलाके का है, जहां सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे निचितपुर जाने वाली सड़क पर दौलत राम महतो का धारदार हथियार से गला काट दिया गया। इस वारदात में उसकी जान चली गई। मृतक घसकोडीह का रहने वाला था। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, मृतक के भाई साहेब राम महतो ने अपने ही परिवार के पांच लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। आरोपियों में मृतक के चाचा त्रिवेनी प्रसाद महतो का नाम भी शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पड़ताल में जुटी है।
Read More : पहाड़ी मंदिर पहुंचीं महापौर रोशनी खलखो, रांचीवासियों की खुशहाली की कामना
बाजार जा रहे दौलत राम पर रास्ते में हमला
मिली जानकारी के अनुसार दौलत राम महतो सोमवार सुबह मोटरसाइकिल से फल खरीदने बाजार जा रहे थे। वह निचितपुर जाने वाली सड़क से गुजर रहे थे, तभी उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने उनका गला काट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हत्या की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हालांकि, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कहां गए, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
चाचा समेत परिवार के पांच लोगों पर हत्या का आरोप
मृतक के भाई साहेब राम महतो ने त्रिवेनी प्रसाद महतो, सूर्यकांत महतो, सचिन महतो, सरयू महतो और भगिया देवी पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, परिवार के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मामले में पहले भी कई बार तनाव की स्थिति बनी थी। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण दौलत राम की हत्या की गई। मुख्य आरोपी बताए जा रहे त्रिवेनी प्रसाद महतो के राजगंज कॉलेज में प्रोफेसर होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, हत्या में नामजद लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू की। पुलिस शुरुआती तौर पर मामले को आपसी रंजिश और पुराने जमीन विवाद से जोड़कर देख रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




