रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के लिए रविवार, 13 सितंबर 2026 को होनेवाले चुनाव की तैयारियों का आज शुक्रवार को चुनाव समिति द्वारा जायजा लिया गया। मतदान स्थल मारवाड़ी भवन में चुनाव कार्य में संलग्न सीए और सीएस इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों एवं अन्य कर्मियों को मतदान व्यवस्था एवं चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देते हुए ब्रीफिंग दी गई। चुनाव समिति द्वारा मतदान स्थल पर मतदाताओं के प्रवेश, मतदान प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन तथा मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
चुनाव समिति के चेयरमैन अंचल किंगर ने कहा कि चुनाव की सभी तैयारियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप पूरी कर ली गई हैं। मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। चुनाव समिति के को-चेयरमैन पवन शर्मा ने कहा कि मतदान व्यवस्था से जुड़े सभी लोगों को उनकी जिम्मेदारियों एवं चुनाव प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई है। मतदान स्थल पर अनुशासन एवं निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय के भीतर मतदान स्थल पर पहुंचकर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के चुनाव में 21 कार्यकारिणी सदस्यों एवं 3 प्रमंडलीय क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के निर्वाचन के लिए मतदान रविवार, 13 सितंबर को प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, रांची में होगा।





