रांची : केन्द्रीय सरना समिति की एक विशेष और महत्वपूर्ण बैठक सरहुल शोभा यात्रा के उद्गम स्थल सरना टोली (हतमा, रांची) में आयोजित की गई। केंद्रीय अध्यक्ष बबलू मुंडा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में झारखंड के प्रमुख ज्वलंत मुद्दों जैसे JPSC, JSSC CGL परीक्षा धांधली, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के आरोपों पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। समिति ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार से इन सभी परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है।
Read More : रांची के श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में संगीतमय बीतक कथा का शुभारंभ, भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु
आंदोलनरत छात्रों के लिए भोजन और 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का समर्थन
बैठक के निर्णयों की जानकारी देते हुए केंद्रीय अध्यक्ष बबलू मुंडा ने बताया कि अपनी जायज मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे अभ्यर्थियों की मदद के लिए समिति आगे आई है। 8 अगस्त (शनिवार) को समिति की ओर से धरनारत छात्रों के लिए भोजन की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, 10 अगस्त (सोमवार) को छात्रों द्वारा आयोजित ‘विधानसभा घेराव’ कार्यक्रम का केंद्रीय सरना समिति ने प्रत्यक्ष रूप से समर्थन करने का फैसला किया है।
9 अगस्त को राज्य सरकार के ‘आदिवासी महोत्सव’ का बहिष्कार
केंद्रीय सरना समिति ने झारखंड सरकार द्वारा 9 अगस्त (रविवार) को आयोजित किए जाने वाले ‘विश्व आदिवासी दिवस/आदिवासी महोत्सव’ का कड़ा विरोध करने का निर्णय लिया है। बबलू मुंडा ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ सरकार आदिवासी महोत्सव मनाने का ढोंग कर रही है, तो दूसरी तरफ नगड़ी में ‘रिम्स-2’ के नाम पर आदिवासियों की सैकड़ों एकड़ उपजाऊ खेती योग्य जमीन का अधिग्रहण कर उन्हें बेघर करने का काम कर रही है। इससे आदिवासियों की पहचान, अस्तित्व और अस्मिता को कुचला जा रहा है। समिति इसके विरोध में विभिन्न संगठनों द्वारा आयोजित ‘आक्रोश महा जनसभा’ में शामिल होगी।
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित लोग
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य पाहन जगलाल पाहन, केंद्रीय अध्यक्ष बबलू मुंडा, प्रधान महासचिव अशोक मुंडा, महासचिव महादेव टोप्पो, कार्यकारी अध्यक्ष शोभा कच्छप, कोषाध्यक्ष जगन्नाथ तिर्की, संदीप उरांव, आशीष मुंडा, अनीता गाड़ी, प्रदीप लकड़ा, उदय उरांव और मनीष बेदिया समेत समिति के कई गणमान्य सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।




