जमशेदपुर : जमशेदपुर के भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट के पास रात करीब नौ बजे एक लाल रंग की कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सवार दो युवक और दो युवतियां मौके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो रास्ते में कार के दो टायर ब्लास्ट हो गए, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। कार क्षतिग्रस्त टायरों के साथ तेज रफ्तार में भागती रही। सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना की पुलिस ने भी कार का पीछा शुरू किया। करीब तीन किलोमीटर तक पीछा करने के बाद बागुनहातु में कार अचानक रुक गई। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने कार में सवार दो युवक और दो युवतियों को हिरासत में लेकर सिदगोड़ा थाना पहुंचाया।
Read More : कांग्रेस की CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग से TVK ने बनाई दूरी, बताई वजह
स्कूटी चालक को लगी हल्की चोट
पुलिस के अनुसार, भुइयांडीह स्वर्णरेखा बर्निंग घाट के पास कार ने स्कूटी को टक्कर मारी थी। हादसे में स्कूटी चालक को हल्की चोट लगी। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। इसी दौरान कार सवार युवक-युवतियां पुलिस को देखकर वाहन लेकर भागने लगे। रास्ते में कार के दो चक्के ब्लास्ट होने के बावजूद उन्होंने वाहन नहीं रोका। पुलिस लगातार उनका पीछा करती रही और बाद में सिदगोड़ा थाना की टीम भी इसमें शामिल हो गई। कार पर महाराष्ट्र का नंबर एमएच 12 एलबी 1776 दर्ज है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कार से बीयर की बोतल और बेसबॉल बैट मिला
सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि कार सवार चारों लोग नशे की हालत में थे। पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें बीयर की बोतल, सिगरेट, बेसबॉल बैट समेत अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने दो युवक और दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद युवक-युवतियां पुलिस से बचने के लिए कार लेकर भाग रहे थे।
टायर ब्लास्ट होने के बाद भी कार नहीं रुकने से सड़क पर कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है। जांच के दौरान कार की स्थिति, दुर्घटना के कारण और उसमें सवार लोगों की भूमिका समेत अन्य बिंदुओं को देखा जाएगा। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





