धनबाद में बसहा जंगल से पुलिस ने बरामद किया नर कंकाल
धनबाद : जिला में टुंडी थाना क्षेत्र के बसहा जंगल से पुलिस ने एक नर कंकाल बरामद किया है. प्रारंभिक तौर पर परिजनों ने कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर उसकी पहचान गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र निवासी शंकर सिंह के रूप में की है. हालांकि पुलिस ने पहचान की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए कंकाल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार यह बरामदगी हत्या के आरोपी चंदन भोगता की निशानदेही पर हुई. चंदन मृतक शंकर सिंह का बहनोई है. गिरिडीह के पीरटांड़ थाना की पुलिस आरोपी और मृतक के परिजन को लेकर टुंडी पहुंची. जहां टुंडी पुलिस की मौजूदगी में बसहा जंगल में सर्च अभियान चलाया गया। इसी दौरान जंगल से नर कंकाल बरामद हुआ.
टुंडी थाना प्रभारी उमा शंकर ने बताया कि करीब एक माह तीन दिन पहले शंकर सिंह के परिजनों ने पीरटांड़ थाना में अपहरण का मामला दर्ज कराया था. शिकायत में बहनोई चंदन भोगता को नामजद आरोपी बनाया गया था. पूछताछ के दौरान चंदन बार-बार अपने बयान बदलता रहा, जिससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ।
पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली और शव को बसहा जंगल में ठिकाने लगाने की जानकारी दी. इसके बाद पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार, आरोपी और मृतक के परिजनों के साथ टुंडी पहुंचे. स्थानीय पुलिस की मदद से बताए गए स्थान पर खुदाई और तलाशी के दौरान नर कंकाल बरामद किया गया.
पुलिस की जांच में सामने आया है कि 20 जून को चंदन भोगता अपने साले शंकर सिंह को गिरिडीह से टुंडी लेकर आया था. आरोप है कि यहीं उसकी हत्या कर शव को जंगल में छिपा दिया गया. फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है. फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




