रांची : पीएम नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर झारखंड में भाजपा एक माह तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा की। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। आदित्य साहू ने कहा कि 17 सितंबर को पीएम नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिवस है। वहीं, 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और समर्पण के 25 साल पूरे करेंगे। इस मौके को खास बनाने के लिए भाजपा पूरे देश की तरह झारखंड में भी जन्मोत्सव को उत्सव के रूप में मनाएगी।
हर घर और मंदिर में जलेगा आशीर्वाद का दीया
आदित्य साहू ने बताया कि 17 सितंबर को राज्य के हर घर के दरवाजे और मंदिरों में पीएमनरेंद्र मोदी के लिए आशीर्वाद के दीप जलाए जाएंगे। प्रत्येक सांगठनिक मंडल के एक गांव को पूरी तरह सजाया जाएगा और गांव के हर घर में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जन्मदिवस पर पीएम की लंबी आयु और उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की जाएगी। इसी दिन भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से कैंप लगाकर रक्तदान भी किया जाएगा।
अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए चलेगा अभियान
प्रदेश अध्यक्ष ने अभियान के तहत अलग-अलग तिथियों पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। इनमें चित्र सेवा, सेवा स्मरण, आंगन मिलन सेवा, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, बड़नगर से वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, हैकाथन और इनोवेशन चैलेंज तथा 25 साल 25 कहानियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर रंगोलियां बनाई जाएंगी। वहीं, ‘25 साल 25 कहानियां’ कार्यक्रम में कार्यकर्ता पीएम नरेंद्र मोदी के सामाजिक जीवन के 25 साल पर 25 कहानियां लिखेंगे और उनके सेवा कार्यों पर प्रकाश डालेंगे। भाजपा के इन सभी सेवा अभियानों का अंतिम लक्ष्य पीएम के विजन के अनुरूप वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारना है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 2047 तक विकसित भारत का संकल्प दोहराया जाएगा।
आदित्य साहू ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां
आदित्य साहू ने कहा कि वे सौभाग्यशाली हैं कि पीएम नरेंद्र मोदी जैसे महापुरुष देश के 140 करोड़ लोगों की सेवा कर रहे हैं और वे सभी उनके नेतृत्व में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का कार्यकाल संकल्प से सिद्धि तक सफल रहा है और वे बिना थके, बिना रुके पिछले 25 वर्षों से देश के नागरिकों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिसने अपने शुरुआती जीवन में कष्ट और गरीबी देखी हो, वह पद पर पहुंचने के बाद अपने अनुभवों को याद करता है। उनके अनुसार, नरेंद्र मोदी गरीब, मजदूर, शोषित और किसानों के लिए योजनाएं बनाकर उनके कल्याण के लिए काम कर रहे हैं। आदित्य साहू ने कहा कि आजादी के बाद देश में कई सरकारें आईं और चली गईं, लेकिन गरीब, शोषित और वंचित लोगों की चिंता नहीं की गई। उनके मुताबिक, 2014 के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने से गरीब, शोषित, वंचित, किसान और मजदूरों के कल्याण के लिए कई योजनाएं बनाई गईं, जिससे देश में बदलाव आया।
आतंकवाद और जम्मू-कश्मीर को लेकर भी बोले साहू
आदित्य साहू ने कहा कि पूरी दुनिया में देश का मान-सम्मान बढ़ा है। उनके अनुसार, 2014 के बाद देश मजबूत और एकजुट हुआ है। उन्होंने कहा कि जब भी किसी ने भारत को गलत नजर से देखने का दुस्साहस किया, नरेंद्र मोदी सरकार ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि देश आज सुरक्षित और सही नेतृत्व के हाथों में है। आदित्य साहू ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि भयंकर भूकंप के बाद गुजरात को फिर से खड़ा करना बड़ी चुनौती थी, जिसे नरेंद्र मोदी ने स्वीकार किया। आदित्य साहू ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने साबित किया कि नीति और नीयत सही हो तो कोई काम कठिन नहीं है। उन्होंने कहा कि पीएम ने गरीबों और जरूरतमंदों की पीड़ा को समझते हुए उनके कल्याण के लिए योजनाएं बनाई हैं।
उन्होंने कहा कि 81 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया गया, ताकि कोई भूखा न सोए। आयुष्मान योजना लाई गई, ताकि पैसे के अभाव में किसी की मृत्यु न हो। आदित्य साहू ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश से आतंकवाद समाप्त हुआ है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले वहां माताओं और बहनों की इज्जत लूटी जाती थी, लेकिन 2014 के बाद से उनकी इज्जत सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि आज देश बिना किसी भेदभाव के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह और मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।





