नई दिल्ली : अरब सागर में नशे की तस्करी के खिलाफ गुजरात ATS और इंडियन कोस्ट गार्ड ने बड़ी कार्रवाई की है। लक्षद्वीप के पश्चिम में संदिग्ध ईरानी नाव को रोककर करीब 526 किलोग्राम हाई-ग्रेड मादक पदार्थ बरामद किया गया। जब्त ड्रग्स में हेरोइन और मेथामफेटामाइन शामिल हैं, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इस कार्रवाई में नाव पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी पाकिस्तान के पेशावर के रहने वाले बताए गए हैं। उनकी पहचान मोहम्मद याकूब, शकीरुल्लाह, फरीदुल्लाह, अहमद खान और वाहिदुल्लाह खान के तौर पर हुई है।
Read More : आरा में परिवहन पदाधिकारी के ठिकानों पर EOU की रेड, 1.5 करोड़ की संपत्ति मिली
खुफिया जानकारी के बाद शुरू हुई निगरानी
खुफिया जानकारी मिलने के बाद इंडियन कोस्ट गार्ड ने समुद्र और हवा के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी शुरू की थी। इस दौरान एक संदिग्ध ईरानी नाव की लगातार ट्रैकिंग की गई। निगरानी के दौरान नाव की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने के बाद तटरक्षक बल ने उसका पीछा किया। इसके बाद नाव को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद हुए।
नाव से 526 किलो मादक पदार्थ बरामद
तटरक्षक बल ने संदिग्ध नाव को अपने कब्जे में लेने के बाद उस पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में नाव से करीब 526 किलो हाई-ग्रेड मादक पदार्थ मिलने की बात सामने आई है। बरामद खेप में हेरोइन के साथ मेथामफेटामाइन भी शामिल है। कार्रवाई के बाद नाव, गिरफ्तार आरोपियों और जब्त ड्रग्स को सुरक्षा के बीच मुंबई लाया गया।
आरोपियों से पूछताछ, नेटवर्क की जांच
एजेंसियां अब गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे नाव को कहां से लेकर निकले थे और ड्रग्स की खेप किस जगह पहुंचाई जानी थी। इसके साथ ही आरोपियों के संपर्क में रहने वाले लोगों और संभावित नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है। एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि खेप कहां से लाई गई थी और इसे भारत या किसी दूसरे देश में कहां पहुंचाया जाना था।
अमित शाह ने ATS और कोस्ट गार्ड की कार्रवाई की सराहना की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश के युवाओं को ड्रग्स के खतरे से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। अमित शाह ने लिखा, “Modi govt. is determined to shield its youth from the scourge of drugs.” उन्होंने बताया कि गुजरात ATS, इंडियन कोस्ट गार्ड और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के संयुक्त अभियान में भारत के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन (EEZ) में एक ईरानी नाव से 526 किलो मेथामफेटामाइन और हेरोइन बरामद की गई। यह कार्रवाई लक्षद्वीप के उत्तर-पश्चिम में 160 नॉटिकल मील और मुंबई के दक्षिण-पश्चिम में 490 नॉटिकल मील की दूरी पर हुई।
Modi govt. is determined to shield its youth from the scourge of drugs.
In a joint operation by Gujarat ATS, Indian Coast Guard and Central intelligence agencies, 526 kg of Methamphetamine and Heroin has been seized from an Iranian boat in India’s EEZ, 160 NM northwest of…
— Amit Shah (@AmitShah) September 30, 2026
अमित शाह के मुताबिक, कार्रवाई में पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है और व्यापक नेटवर्क तथा ड्रग्स की खेप हासिल करने वाले संभावित लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि 16 दिन तक चले इस अभियान में एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग देखने को मिला। इस दौरान एक ईरानी नाव भी जब्त की गई। अब जांच एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ के जरिए ड्रग्स तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और खेप की अंतिम डिलीवरी से संबंधित जानकारी जुटाने में लगी हैं।





