रांची : ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (AIYF) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) की ओर से सोमवार को शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 119वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम रांची के अल्बर्ट एक्का चौक स्थित भाकपा कार्यालय में आयोजित किया गया। 28 सितंबर 2026 को भगत सिंह की 119वीं जयंती है।
Read More : रांची में कांग्रेस का प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका
भगत सिंह के विचारों को आगे बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम में AIYF के प्रदेश महासचिव अजय सिंह ने कहा कि आज देश के छात्र और युवा शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े कई सवालों का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में भगत सिंह के विचारों को पढ़ना और समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह की विरासत को केवल तस्वीरों, माल्यार्पण और नारों तक सीमित करने के बजाय उनके विचारों को सामाजिक और छात्र आंदोलनों में आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
छात्र-युवाओं से किताब पढ़ने और सवाल पूछने की अपील
AISF के प्रदेश सचिव विक्रम कुमार ने कहा कि भगत सिंह को अपना आदर्श मानने वाले युवाओं को किताब पढ़नी होगी, सवाल पूछने होंगे और अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी होगी। उन्होंने शिक्षा के अधिकार, रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संघर्ष में छात्र-युवाओं से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि AISF राज्य के छात्र-युवाओं से भगत सिंह के विचारों को पढ़ने, समझने और उन्हें अपने जीवन व संघर्षों में उतारने की अपील करता है। कार्यक्रम में महेंद्र वर्मा, गौरव वर्मा, राजेश कुमार, मनोज ठाकुर, अजय चौधरी और विजय कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।



