रांची : 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित धांधली, अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में बुधवार को राजधानी रांची में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का प्रदर्शन तेज हो गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और JPSC कार्यालय की ओर बढ़ते हुए कार्यालय परिसर तक पहुंच गए।
Read More : नक्सल अभियान में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 14 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित, राष्ट्रपति पदक के लिए भेजे गए नाम
भाजयुमो के पूर्व घोषित JPSC कार्यालय घेराव कार्यक्रम को लेकर राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा और कार्यकर्ता रांची पहुंचे। प्रदर्शन से पहले सभी कार्यकर्ता जयपाल सिंह स्टेडियम में एकत्र हुए, जहां से वे रैली के रूप में JPSC कार्यालय की ओर रवाना हुए।
JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन
भाजयुमो का आरोप है कि 14वीं JPSC परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली, अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुआ है, जिससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। संगठन परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पहले से थी कड़ी
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और रांची पुलिस ने पहले से ही JPSC कार्यालय के आसपास कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रदर्शन के दौरान स्थिति पर नजर रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।




