गिरिडीह में पुलिस पर युवक को सड़क और थाने में पीटने का आरोप, जांच की मांग

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में नगर थाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झगरी निवासी 25 वर्षीय लखन साव (पिता मुन्ना साव) को गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस
थाने में पीटने का आरोप।

अपनी भाषा में पढ़ें

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में नगर थाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झगरी निवासी 25 वर्षीय लखन साव (पिता मुन्ना साव) को गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित और उसके परिजनों ने नगर थाना पुलिस पर सड़क पर पटककर पीटने और फिर थाना परिसर के भीतर दोबारा बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसी बीच, थाने के भीतर हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, JH Live इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

Read More : रांची बड़ा तालाब के पास मिला व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस

ऑर्बिट होटल के पास दोस्तों से बात कर रहा था युवक, बाइक जब्त की

पीड़ित लखन साव के अनुसार वह ऑर्बिट होटल के पास अपने दोस्तों के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान नगर थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी वहां पहुंची और पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे सड़क पर पटककर पीटा और उसकी बाइक तथा मोबाइल जब्त कर थाने ले गए। इसके बाद लखन ने अपने भाइयों और परिजनों को इसकी जानकारी दी और बाइक छुड़ाने नगर थाना पहुंचा।

थाना परिसर में दोबारा मारपीट का आरोप, बेहोश होकर गिरा युवक

युवक का आरोप है कि जब वह परिजनों के साथ अपनी बाइक लेने नगर थाना परिसर पहुंचा, तो वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने उसके साथ फिर से मारपीट की। मारपीट के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह थाना परिसर में ही गिर पड़ा। स्थिति बिगड़ते देख पुलिसकर्मी खुद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक के शरीर पर चोट के गंभीर निशान देखते हुए उसे भर्ती कर लिया। अस्पताल पहुंची युवक की बहन ने पुलिस की इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताया है।

थाना प्रभारी ने आरोपों को नकारा, कहा- नशे में था युवक

दूसरी तरफ, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने पुलिस पर लगे मारपीट के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए अलग घटनाक्रम बताया है। थाना प्रभारी का कहना है कि जिस स्थान पर युवक और उसके साथी खड़े थे, वहां अक्सर असामाजिक तत्व नशे का सेवन करते हैं। पेट्रोलिंग गाड़ी को देखकर सभी लोग भागने लगे, जिस दौरान युवक की बाइक और मोबाइल वहीं छूट गए, जिसे पुलिस जब्त कर थाने ले आई। थाना प्रभारी के अनुसार बाद में युवक अपने परिजनों और साथियों के साथ थाने पहुंचा और हंगामा करने लगा। पुलिस का दावा है कि युवक खुद डेंड्राइट के नशे में धुत था और थाना परिसर में गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार कर रहा था। फिलहाल पुलिस और परिजनों के बयानों के बीच मामले की जांच की मांग की जा रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.