रांची : झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 20 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है, जबकि 21 नवंबर को रांची समेत नौ जिलों में भारी बारिश की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 नवंबर को जिन जिलों में भारी बारिश हो सकती है, उनमें रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, लातेहार और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं।
Read More : नदी में तैरता मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
अगले दो दिनों में गिरेगा तापमान
मौसम विभाग ने तापमान में उतार-चढ़ाव का भी अनुमान जताया है। अगले दो दिनों में राज्य के अलग-अलग जिलों के न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि, इसके बाद अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान फिर तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान कोडरमा में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
रांची में सुबह कुहासा, दोपहर में खिली धूप
मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह कुहासा छाया रहा। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो गया और धूप निकल आई। दोपहर में हल्की गुनगुनी धूप लोगों को सुहाने लगी। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30.8 और न्यूनतम 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 31.2 और न्यूनतम 16.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.5 और न्यूनतम 15.1 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 30.8 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।





