जमशेदपुर : जमशेदपुर बंद के दौरान जबरन दुकानें बंद कराने और आम लोगों को धमकाने के आरोप में टेल्को थाना पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अवैध रूप से मजमा लगाकर दुकानदारों और राहगीरों को डराया-धमकाया तथा कई स्थानों पर ऑटो चालकों के साथ मारपीट भी की।
Read More : अमरनाथ यात्रा 2026 : रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने पैदल पहुंचकर की पूजा-अर्चना
यह मामला सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत अन्य आरोपों के तहत दर्ज किया गया है। FIR जेएनएसी के स्ट्रीट लाइट इंस्पेक्टर विश्वजीत मुंडा की शिकायत पर दर्ज की गई है, जिन्हें बंद के दौरान टेल्को क्षेत्र में मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया था।
दुकानदारों को धमकाने और हंगामा करने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि शुक्रवार को टेल्को क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने अवैध रूप से भीड़ जुटाकर आम लोगों को बाहर निकलने से रोका और कई दुकानों को जबरन बंद कराया। आरोप है कि लोगों को धमकाकर बाजार बंद कराने का प्रयास किया गया। एफआईआर के अनुसार, टेल्को इलाके में एक सैलून संचालक शटर गिराकर अंदर ग्राहकों के बाल और दाढ़ी बना रहा था। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारी वहां पहुंचे, शटर खुलवाया, हंगामा किया और दुकान बंद करा दी। शिकायत में दुकानदार के साथ अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है।
Read More : वित्तीय प्रबंधन पर राज्य स्तरीय कार्यशाला, जिला विधिक सेवा प्राधिकार में वित्तीय कौशल को बेहतर बनाने के लिए
18 नामजद और कई अज्ञात शामिल
पुलिस ने शिकायत के आधार पर नीरज शर्मा, विकास शर्मा, मुकेश शर्मा, रतन महतो, पप्पू मिश्रा, जितेंद्र राय, राकेश सिंह, पप्पू सिंह उर्फ लंगड़ा, सतीश सिंह, डीडी त्रिपाठी, पुष्पेंद्र मिश्रा, कल्याणी शरण, दीपक पाल उर्फ योगेश पाल, संजय गोराई, कृष्णा बरी, गणेश सोलंकी, अमित सिंह और रूपेश सिंह उर्फ मुन्ना को नामजद किया है। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि इन नामजद आरोपियों के अलावा करीब एक दर्जन अज्ञात युवक भी इस घटनाक्रम में शामिल थे।
कई इलाकों के रहने वाले हैं आरोपी
FIR में दर्ज आरोपियों के पते के अनुसार वे खड़ंगाझाड़, टेल्को, बिरसानगर, घोड़ाबांधा, तार कंपनी, ग्वाला बस्ती, सेक्टर मार्केट, टेल्को कॉलोनी, राधिका नगर, आम बागान और खड़ंगाझाड़ विकास मैदान सहित विभिन्न इलाकों के निवासी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Read More : हिमांशु सिंह हत्याकांड : भाजपा ने पुलिस की भूमिका की जांच और CBI जांच की मांग उठाई




