लातेहार : जिले में अवैध खनन और कोयले के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और सीसीएल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने मगध सीसीएल परियोजना से कथित रूप से अवैध तरीके से कोयला लेकर जा रहे एक हाईवा वाहन को जब्त किया है। जानकारी के अनुसार, मगध सीसीएल प्रबंधन और बालूमाथ थाना पुलिस की संयुक्त टीम बैरियर पर वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध हाईवा वाहन (संख्या JH16F-1434) को जांच के लिए रोका गया।
Read More : श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले एमएस धोनी संग जिम में नजर आए ऋषभ पंत
बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि जब्त हाईवा में करीब 30 टन कोयला लदा हुआ था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि कोयला कथित रूप से मगध माइंस से अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस और सीसीएल की टीम ने वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया। इस मामले में सीसीएल प्रबंधन की ओर से बालूमाथ थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध कोयला परिवहन में किन लोगों की भूमिका है और इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।
पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध खनन और कोयला तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




