रांची। राजधानी के धुर्वा स्थित झारखंड हाई कोर्ट के विशाल और अत्याधुनिक परिसर में अब कानून की दलीलों के साथ-साथ फुटबॉल का रोमांच भी देखने को मिलेगा। हाई कोर्ट कैंपस के भीतर एक भव्य फुटबॉल ग्राउंड बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। इस खेल परियोजना को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी झारखंड सरकार के भवन निर्माण विभाग (भवन प्रमंडल संख्या-02, रांची) को सौंपी गई है। विभाग ने मैदान के निर्माण को लेकर अपनी शुरुआती प्रशासनिक कसरतें तेज कर दी हैं, ताकि जल्द से जल्द यहां काम शुरू किया जा सके।
कैंपस में बढ़ेगी रौनक: सिर्फ खेल नहीं, फिटनेस का भी बनेगा हब
हाई कोर्ट परिसर में इस नए फुटबॉल मैदान के प्रस्ताव से कैंपस की भव्यता और बढ़ने वाली है। इस मैदान को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है जहां भविष्य में न सिर्फ स्थानीय स्तर के मैच और खेल प्रतियोगिताएं हो सकेंगी, बल्कि यह न्यायिक सेवा से जुड़े लोगों के लिए शारीरिक फिटनेस और मनोरंजन का एक बेहतरीन सेंटर बनकर उभरेगा।




