जकार्ता : इंडोनेशिया के उत्तर-पूर्वी जावा प्रांत में शुक्रवार तड़के 6.6 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप महसूस किया गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र तेलुकनागा के पास स्थित था। भारतीय समयानुसार यह झटका तड़के करीब 4:23 बजे आया।
Read More : BRICS समिट : मोदी-पुतिन समेत दिग्गज नेताओं ने आर्थिक सहयोग पर की बात
अधिक गहराई के कारण टला बड़ा हादसा
तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू व अन्य अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने यूएसजीएस के हवाले से जानकारी दी कि भूकंप जमीन से करीब 358.6 किलोमीटर की अत्यधिक गहराई में आया था। गहराई अधिक होने की वजह से झटके तेज होने के बावजूद किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर सामने नहीं आई है। स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों की ओर से भी किसी बड़े ढांचागत नुकसान की सूचना नहीं दी गई है। भूकंप के बाद अधिकारियों द्वारा सुनामी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है इंडोनेशिया
इंडोनेशिया प्रशांत महासागर के अत्यधिक संवेदनशील ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में आता है। इस इलाके में टेक्टोनिक प्लेटों की लगातार गतिविधियों के कारण अक्सर भूकंपीय झटके और ज्वालामुखी की घटनाएं दर्ज की जाती हैं। फिलहाल स्थानीय अधिकारी पूरे घटनाक्रम और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर सतर्कता से नजर बनाए हुए हैं। किसी भी प्रकार के संभावित नुकसान की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।






