नई दिल्ली : भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह के रिटायरमेंट से पहले विदाई कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। अब तक उनके सम्मान में तीन आधिकारिक विदाई कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। कार्यकाल के आखिरी दिन नई दिल्ली के वायु सेना स्टेशन पर उन्हें सेरेमोनियल गार्ड ऑफ ऑनर देकर विदाई दी जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उनकी विदाई में किसी तरह की कमी नहीं रखी गई है।
Read More : छठ महापर्व को लेकर खूंटी प्रशासन अलर्ट, घाटों की सफाई शुरू
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दी विदाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विदेश दौरे पर रवाना होने से पहले 26 अक्टूबर को एयर चीफ मार्शल एपी सिंह को आधिकारिक विदाई दी थी। इसके बाद 27 अक्टूबर को इंडिया गेट के पास स्थित आकाश ऑफिसर्स मेस में वायु सेना के वरिष्ठ कमांडरों ने उनके सम्मान में विदाई डिनर आयोजित किया। वहीं, 28 अक्टूबर को सुब्रतो पार्क स्थित वायु सेना मुख्यालय के ऑडिटोरियम में उनके लिए विदाई पार्टी रखी गई।
पहले प्रशिक्षक के साथ भरी खास उड़ान
विदाई कार्यक्रमों के दौरान रक्षा मंत्रालय ने एयर चीफ मार्शल एपी सिंह को अपने पहले प्रशिक्षक विंग कमांडर वीएस कोचर के साथ उड़ान भरने की विशेष अनुमति भी दी। विंग कमांडर कोचर काफी समय पहले वायु सेना से रिटायर हो चुके हैं। आम नागरिकों या सेवानिवृत्त अधिकारियों को सैन्य विमान में उड़ान भरने की अनुमति आसानी से नहीं मिलती। इसके लिए रक्षा मंत्रालय के उच्च स्तर से मंजूरी लेनी पड़ती है।
गोल्फ कार्यक्रम को लेकर हुई थी चर्चा
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गोल्फ खेलकर विदाई देने का कार्यक्रम केवल अनौपचारिक आयोजन था। एयर चीफ मार्शल एपी सिंह वायु सेना में स्क्वैश के प्रति अपने लगाव के लिए जाने जाते हैं। दरअसल, वायु सेना के गोल्फ कोर्स की जमीन आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के कब्जे में जाने के कारण गोल्फिंग आउट कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका था। इसी वजह से कुछ लोगों के बीच यह चर्चा होने लगी थी कि उन्हें आधिकारिक विदाई नहीं दी जा रही है।
आशुतोष दीक्षित संभालेंगे वायु सेना की कमान
एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह करीब 25 महीने तक वायु सेना प्रमुख के पद पर रहने के बाद रिटायर हो रहे हैं। उनके बाद एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायु सेना के नए प्रमुख की जिम्मेदारी संभालेंगे। अंतिम दिन होने वाला सेरेमोनियल गार्ड ऑफ ऑनर उनके कार्यकाल का औपचारिक समापन होगा।



