नवादा। जिले के नरहट थाना क्षेत्र के खनवां गांव में 17 वर्षीय किशोर गोलू कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। उसका शव गांव से करीब 200 मीटर दूर नवसृजित प्राथमिक विद्यालय मदनपुर के परिसर से बरामद हुआ। परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से कमजोर था। शव के गले में गमछा लिपटा मिला,जिससे प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही नरहट थाना अध्यक्ष गौतम कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पूरे परिसर को सुरक्षित कराया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच की और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
नवादा एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि घटना से पहले गोलू को दो संदिग्ध युवकों के साथ देखा गया था। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। स्कूल परिसर में गोलू का शव मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस हत्या के पीछे आपसी रंजिश, नशे से जुड़े विवाद और भैया जी गिरोह के संभावित संबंध समेत सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है. एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि हर एंगल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद मृतक के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गोलू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। गांव में मातम पसरा है और ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



