रांची/ कोलकाता:  कोलकाता में इस बार का दुर्गा पूजा उत्सव में राजनीति के रंग भी देखने को मिलेंगे।  कोलकाता के रूबी क्रॉसिंग पर अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा आयोजित किये जा रहे दुर्गा पूजा पंडाल में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के जीवन और उनके राजनीतिक सफर को कलात्मक रूप से प्रदर्शित किया जायेगा।
 आयोजकों ने बुधवार को इस अनूठी थीम की घोषणा की।  इस विशेष पूजा पंडाल का नाम ‘नंदीग्राम से नबान्न : बुबाईयेर जॉयजात्रा’ (शुभेंदु अधिकारी का लोकप्रिय उपनाम है बुबाई) रखा गया है।  इसमें उनके राजनीतिक संघर्षों, आंदोलनों और सार्वजनिक जीवन के सफर को विभिन्न कलाकृतियों के जरिये जीवंत किया जायेगा।
नंदीग्राम से नबान्न : बुबाईयेर जॉय यात्रा
पंडाल के भीतर मॉडल, फ्लेक्स पैनल, दुर्लभ तस्वीरें, भित्तिचित्र (Murals) और वृत्तचित्र (Documentary) के जरिये पूरी शुभेंदु अधिकारी के जीवन की पूरी यात्रा दिखायी जायेगी।  इसके साथ ही पारंपरिक बंगाली ‘पटचित्र’ शैली के चित्रों और कलात्मक प्रस्तुतियों को भी इसमें शामिल किया जा रहा है।
अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रचूड़ गोस्वामी ने बताया कि पंडाल में शुभेंदु अधिकारी का एक लघु चित्र (Miniature Statue) स्थापित किया जायेगा।  प्रदर्शनी में उनके बचपन, शुरुआती राजनीति, विभिन्न आंदोलनों के दौरान उनके संघर्ष और आखिरकार पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने की यात्रा को दर्शाया जायेगा।
रूबी क्रॉसिंग पर तैयार हो रहा पंडाल
आयोजन स्थल पर पंडाल निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है।  आयोजकों को उम्मीद है कि इस ऐतिहासिक और राजनीतिक दृश्य प्रस्तुति को देखने के लिए दुर्गा पूजा के दौरान लाखों श्रद्धालु और दर्शक पहुंचेंगे। इस पूजा पंडाल के निर्माण कार्य के साथ अभी से ही पंडाल लोगाें की चर्चा का विषय बन गया है।