रांची : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची में तीसरा दीक्षांत समारोह 26 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने समारोह में शामिल होने वाले स्नातक (Graduated), स्नातकोत्तर (Post-Graduated) और PhD विद्यार्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन नोटिस जारी किया है। विश्वविद्यालय के अनुसार, निर्धारित शैक्षणिक सत्रों में डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए ₹800 का रजिस्ट्रेशन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।
Read More : JPSC परीक्षा में गड़बड़ी का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, 24 को सुनवाई
किन विद्यार्थियों को मिलेगा मौका?
तीसरे दीक्षांत समारोह के लिए स्नातक पाठ्यक्रम के 2022-2025 शैक्षणिक सत्र के विद्यार्थी पात्र होंगे। वहीं, स्नातकोत्तर के 2023-2025 और 2024-2026 सत्र के विद्यार्थी भी रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। इसके अलावा PhD के उन विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया है, जिनका परिणाम 31 अगस्त 2026 तक प्रकाशित हो चुका होगा।
22 से 31 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के मुताबिक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल कल यानी 22 अगस्त से 31 अगस्त तक खुला रहेगा। सभी पात्र विद्यार्थियों को इसी अवधि में अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा। जिन विद्यार्थियों का रिजल्ट 26 अगस्त 2026 के बाद घोषित होगा, उन्हें रजिस्ट्रेशन पूरा करने के लिए पांच दिनों की अतिरिक्त अवधि दी जाएगी।
ऐसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरकर निर्धारित ₹800 शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद ऑनलाइन जनरेट होने वाले चालान को भविष्य के उपयोग के लिए सुरक्षित रखने को कहा गया है। विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.dspmuranchi.ac.in पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।








