जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला सामने आया। एक बच्चे के पिता का तीन बच्चों की मां के साथ करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। दोनों के बीच शादी को लेकर भी बातचीत हुई थी, लेकिन महिला के पहले से शादीशुदा होने और तीन बच्चों की मां होने के कारण बात आगे नहीं बढ़ सकी। शुक्रवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया।घटना के बाद पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के राहरगोड़ा निवासी 37 वर्षीय जोबा मार्डी के रूप में हुई है।
युवक ने पुलिस को बताया कि लुपुंगडीह निवासी एक महिला के साथ उसका लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे। जोबा के अनुसार, कुछ समय तक दोनों के लुपुंगडीह में साथ रहने की बात भी सामने आई है। जोबा मार्डी ने पुलिस को बताया कि उसका पहले विवाह हो चुका था, लेकिन काफी समय पहले तलाक हो गया। उसका एक बच्चा है। वहीं, जिस महिला के साथ उसका संबंध था, वह पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। इसके बावजूद दोनों के बीच करीब दो वर्षों तक प्रेम संबंध बना रहा।
फोन पर विवाद के बाद उठाया कदम
बताया गया कि घटना से पहले युवक की महिला से फोन पर बातचीत हुई थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। युवक का आरोप है कि महिला की बातों से उसे काफी ठेस पहुंची और उसे लगा कि उसके साथ धोखा हुआ है। विवाद के बाद मानसिक तनाव में आकर युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जोबा ने पुलिस को यह भी बताया कि वह टाटा मोटर्स में स्थायी कर्मचारी है और महिला के साथ उसके संबंधों की जानकारी आसपास के लोगों को भी थी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद गोविंदपुर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस युवक के बयान के अलावा संबंधित महिला और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।








