चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित छोटा नूरदा गांव में बारिश के दौरान कच्ची दीवार ढहने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। हादसे में 37 वर्षीय सरजोम पिंगुवा और उनके 33 वर्षीय भतीजे डोबराज पिंगुवा मलबे में दब गए और मौके पर ही उनकी जान चली गई। घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। उस समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी। मिली जानकारी के अनुसार सरजोम और डोबराज घर के अंदर बैठे थे। इसी दौरान बारिश के कारण सीलन और नमी से जर्जर हुई घर की ऊंची कच्ची दीवार अचानक भरभराकर दोनों के ऊपर गिर गई।
Read More : डोमचांच में 15वें वित्त से बना धुलाई घाट, मुखिया बीणा देवी ने किया उद्घाटन
कैसे हुआ हादसा?
सरजोम के बड़े भाई और डोबराज के चाचा ने बताया कि दोनों चाचा-भतीजा घर के भीतर हड़िया पी रहे थे। इसी दौरान दीवार गिरने से दोनों मलबे के नीचे दब गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद गांव के मुंडा ने हाटगम्हरिया थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया। पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकानों को नुकसान पहुंच रहा है। छोटा नूरदा गांव में दीवार गिरने की इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले में आगे की कार्रवाई में जुटे हैं।








