रांची। राजधानी रांची में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। 20 अगस्त को शहर के अलग-अलग इलाकों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 3,199 वाहनों के चालान काटे गए। सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट बाइक और स्कूटी चलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ की गई। ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1,441 वाहन चालकों के चालान काटे गए। वहीं, सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़ा करने और नो-पार्किंग जोन में पार्किंग करने के मामले में 1,228 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले 177, रेड लाइट का उल्लंघन करने वाले 155, नो-एंट्री में वाहन चलाने वाले 28 और गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 26 लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। विशेष अभियान के दौरान पिलियन राइडिंग के 18, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने के 18 और क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने के मामले में 16 वाहनों के चालान काटे गए।
20 अगस्त तक 61,908 वाहनों पर कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त तक चलाए गए अभियान के दौरान कुल 61,908 वाहनों के चालान काटे जा चुके हैं। इससे पहले जुलाई महीने में भी ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले एक लाख से अधिक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। पुलिस की ओर से लगातार वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, रेड लाइट का पालन करने और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की जा रही है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लाउडस्पीकर के जरिए भी लोगों को सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहने की बात कही गई है।








