पीयूष गोयल की चेक प्वाइंट सीईओ से मुलाकात, साइबर सुरक्षा पर चर्चा

सिंगापुर दौरे पर पीयूष गोयल ने चेक प्वाइंट के सीईओ नादव जफरीर से मुलाकात कर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा और एआई आधारित साइबर सुरक्षा पर चर्चा की।

अपनी भाषा में पढ़ें

नई दिल्ली:  केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सिंगापुर दौरे के दौरान वैश्विक साइबर सुरक्षा कंपनी चेक प्वाइंट सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नादव जफरीर से मुलाकात की। इस दौरान भारत में कंपनी की बढ़ती भागीदारी, साइबर सुरक्षा सहयोग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित सुरक्षा समाधानों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। भारत में इजरायल के राजदूत रियुवेन अजार ने एक्स पर इस मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बैठक में भारत में चेक प्वाइंट की अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों के विस्तार और देश की डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना की सुरक्षा के लिए एआई आधारित सुरक्षा प्रणालियों के इस्तेमाल पर विचार-विमर्श किया गया।

अजार के मुताबिक, दोनों पक्षों ने साइबर सुरक्षा, डिजिटल विश्वास और एआई संचालित नवाचार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। इसका उद्देश्य भारत की तेजी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था और टेक्नोलॉजी आधारित विकास को सुरक्षित एवं मजबूत आधार प्रदान करना है। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब भारत डिजिटल भुगतान, डिजिटल पहचान, ऑनलाइन सरकारी सेवाओं और डेटा आधारित सार्वजनिक सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में इन डिजिटल प्रणालियों को बढ़ते साइबर खतरों से सुरक्षित रखना एक महत्वपूर्ण प्राथमिकता बन गया है।

भारत-सिंगापुर आर्थिक सहयोग पर जोर

सिंगापुर यात्रा के दौरान पीयूष गोयल लगातार भारत और एशियाई देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने पर जोर दे रहे हैं। भारत-सिंगापुर बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत की मजबूत आर्थिक प्रगति, निवेश के अवसरों और कारोबार सुगमता बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे सुधारों को रेखांकित किया। गोयल ने सिंगापुर की विदेश एवं व्यापार-उद्योग राज्य मंत्री गैन सियो हुआंग और अन्य अधिकारियों के साथ एक विशेष कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य भारतीय कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देना था।

उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत जैविक उत्पाद, ताजे फल एवं सब्जियां, जमे हुए फल एवं सब्जियां, दुग्ध उत्पाद, काजू, चावल और मोटे अनाज आधारित उत्पादों को सिंगापुर में प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे भारतीय किसानों और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए सिंगापुर, आसियान देशों और ऑस्ट्रेलिया के बाजारों में नए अवसर खुलने की उम्मीद है। इसके अलावा, पीयूष गोयल ने ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क के समूह मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोपनेंदु मोहंती से भी मुलाकात की। इस दौरान वित्तीय नवाचार, प्रौद्योगिकी और डिजिटल अर्थव्यवस्था के उभरते क्षेत्रों में भारत-सिंगापुर सहयोग को और आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

गोयल ने केपेल इंफ्रास्ट्रक्चर की सीईओ सिंडी लिम से भी मुलाकात की। बैठक में बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेश और सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

चौथे भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज सम्मेलन में भी लिया हिस्सा

सिंगापुर दौरे के दौरान पीयूष गोयल ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के साथ चौथे भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज सम्मेलन में भी भाग लिया। इस उच्चस्तरीय बैठक में दोनों देशों के बीच निवेश, प्रौद्योगिकी, डिजिटल अर्थव्यवस्था, कौशल विकास, कनेक्टिविटी और सतत विकास समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *