चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर साइबर अपराधियों ने Instagram पर फर्जी आईडी बना ली है। इस फर्जी आईडी से लोगों को मैसेज भेजकर तत्काल मदद के नाम पर पैसे मांगे जा रहे हैं। साइबर ठग पुलिस अधिकारी की पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।
1000 रुपये की मदद के नाम पर भेजा मैसेज
19 अगस्त की रात किरीबुरू के एक युवक को साइबर अपराधियों ने Instagram पर मैसेज भेजा। इसमें तत्काल मदद के नाम पर 1000 रुपये मांगे गए। पैसे भेजने के लिए मैसेज के साथ एक स्कैनर भी भेजा गया था।
युवक ने मैसेज की भाषा और टेक्स्ट लिखने की शैली को देखकर तुरंत पहचान लिया कि यह थाना प्रभारी रोहित कुमार की ओर से नहीं भेजा गया है। इसके बाद उसने न तो पैसे भेजे और न ही साइबर ठगों की ओर से भेजे गए स्कैनर का इस्तेमाल किया।
थाना प्रभारी ने लोगों को किया सतर्क
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि कई परिचित लोगों ने उन्हें उनके नाम से बनाई गई फर्जी Instagram ID की जानकारी दी है। लोगों के अनुसार, साइबर अपराधी उनके नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर पैसे की मांग कर रहे हैं।
रोहित कुमार ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से या किसी अन्य परिचित, अधिकारी अथवा पुलिस पदाधिकारी के नाम से सोशल मीडिया पर पैसे मांगने वाला संदेश मिले तो उस पर तुरंत भरोसा न करें।
पैसे भेजने से पहले फोन पर करें पुष्टि
थाना प्रभारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर पैसे की मांग होने पर संबंधित व्यक्ति से फोन पर संपर्क कर पहले इसकी पुष्टि करनी चाहिए। बिना सत्यापन किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर नहीं करें।
उन्होंने अनजान लिंक, QR कोड या स्कैनर के जरिए भुगतान करने से भी बचने की सलाह दी। लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है।








