चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा स्थित नानक नगर बाजार और बस स्टैंड के पास मुख्य सड़क किनारे सेल, गुवा प्रबंधन के आवासीय परिसर में बुधवार शाम शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से श्रमिक दीपक लोहार और कालेश्वर हाजरा के आवास में रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। आग बुधवार शाम करीब 7:30 बजे लगी। बताया गया कि अचानक आग भड़कने के बाद दोनों घरों में तेजी से फैल गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की।स्थिति गंभीर होने पर टाटा स्टील, नोवामुंडी प्रबंधन को सूचना दी गई, जिसके बाद वहां से अग्निशमन वाहन मौके पर भेजा गया।
घर में मौजूद लोगों ने बाहर निकलकर बचाई जान
आग लगने के समय दोनों घरों में मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
हालांकि, आग से दोनों आवासों में रखा घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं जल गईं। इससे परिवारों को काफी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है।
सेल की चार खदानें, फिर भी अग्निशमन वाहन पर सवाल
घटना के बाद मजदूर नेता रामा पाण्डे ने सेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सेल की मेघाहातुबुरु, किरीबुरू, गुवा और चिड़िया में चार बड़ी खदानें संचालित हैं। इसके बावजूद गुवा जैसे औद्योगिक क्षेत्र में आग बुझाने के लिए पर्याप्त अग्निशमन वाहन उपलब्ध नहीं होना चिंता का विषय है। रामा पाण्डे के अनुसार, यदि सेल के पास अपना अग्निशमन वाहन मौजूद होता तो आग लगने के तुरंत बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता था और नुकसान को कम किया जा सकता था।
आधुनिक अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने की मांग
मजदूर नेता ने कहा कि आवासीय क्षेत्रों में आग की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने सेल प्रबंधन से गुवा में अत्याधुनिक अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने आवासीय क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था की जांच कराने की भी मांग की, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।








