लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत मानस बाजपेई ने अपनी अफसर पत्नी और मानसिक रूप से बीमार बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को गोली से उड़ाकर आत्महत्या कर ली।
Read More : महुआ मोइत्रा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट, हेट स्पीच केस में आदेश
कार से बैंक पहुंचा और पत्नी को मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर मानस बाजपेई कार से अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा के दफ्तर (ICICI बैंक) पहुंचा। दिव्या बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थीं। मानस ने फोन करके पत्नी को ऑफिस से बाहर बुलाया, थोड़ी देर बात की और अचानक उन पर गोली चला दी। दिव्या की मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि दिव्या मिश्रा मशहूर यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। दोनों की शादी 12 साल पहले हुई थी, लेकिन मतभेदों के चलते दिव्या ने एक साल पहले कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी और वे आलमबाग में अलग रह रही थीं।
घर पहुंचकर बहन को मारा, फिर खुद की ली जान
पत्नी की हत्या करने के बाद मानस वहां से 2 किलोमीटर दूर हुसारिया चौराहे के पास स्थित अपने किराए के मकान में पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह पूरी तरह पसीने से लथपथ था। घर के अंदर जाकर उसने कमरे का दरवाजा बंद किया और टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा बजा दी। इसके बाद उसने अपनी बहन सीबा की गोली मारकर हत्या की और फिर खुद को भी गोली मार ली।
सुसाइड से पहले लगाया सनसनीखेज वॉट्सऐप स्टेटस
खुदकुशी करने से ठीक पहले आरोपी मानस ने अपने वॉट्सऐप पर एक स्टेटस लगाया, जिसमें उसने लिखा, “मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी, क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया था। अब मुझे खुद को और अपनी बहन को भी मारना है…” पड़ोसियों ने जैसे ही यह स्टेटस देखा, वे तुरंत मानस के घर की ओर दौड़े। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब न मिलने और अंदर से हनुमान चालीसा की तेज आवाज आने पर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर भाई-बहन की खून से लथपथ लाशें पड़ी थीं। पड़ोसियों के मुताबिक, मानस के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और उसकी 28-29 वर्षीय बहन काफी समय से मानसिक रूप से बीमार थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।









