आय से अधिक संपत्ति केस में बीबीओएसई डिप्टी डायरेक्टर के ठिकानों पर छापा

आय से अधिक संपत्ति के मामले में ईओयू ने पटना और बेगूसराय में अजय कुमार सिंह से जुड़े तीन ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया।

अपनी भाषा में पढ़ें

पटना: बिहार आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने गुरुवार सुबह बिहार बोर्ड ऑफ ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन (बीबीओएसई) के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की। ईओयू की तीन टीमों ने पटना और बेगूसराय स्थित उनके तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई विशेष निगरानी अदालत से सर्च वारंट मिलने के बाद की गई। ईओयू के मुताबिक, अजय कुमार सिंह के खिलाफ 19 अगस्त को मामला दर्ज किया गया था।

करीब 3.43 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का आरोप

प्रारंभिक जांच में ईओयू को पता चला कि अजय कुमार सिंह ने अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से काफी अधिक संपत्ति अर्जित की है। जांच के अनुसार करीब 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चला है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से लगभग 90.04 प्रतिशत अधिक बताई गई है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 में वर्ष 2018 में किए गए संशोधन के तहत धारा 13(2) और धारा 13(1)(बी) में दर्ज किया गया है। डीएसपी रैंक के अधिकारियों के नेतृत्व में ईओयू की तीन टीमों ने गुरुवार सुबह एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया।

पटना से बेगूसराय तक तीन ठिकानों पर तलाशी

पहली टीम ने पटना के खजपुरा स्थित आकाशवाणी रोड पर बी.वी. कॉलेज के पास चंद्रतारा भवन में तलाशी ली। दूसरी टीम ने मीठापुर स्थित बीबीओएसई कार्यालय में अजय कुमार सिंह के कार्यालय कक्ष की जांच की। तीसरी टीम ने बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के परोरा गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर छापेमारी की। अधिकारी दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण सामान की जांच कर रहे हैं।

ईओयू ने बताया कि तलाशी अभियान अभी जारी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों, संपत्ति और अन्य सामान के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

पहले भी सरकारी अधिकारियों के ठिकानों पर हुई कार्रवाई

बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों को लेकर ईओयू की कार्रवाई लगातार तेज हुई है। इससे पहले 14 अगस्त को ईओयू ने सड़क निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार से जुड़े ठिकानों पर भी आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक साथ छापेमारी की थी।ईओयू को सूचना मिली थी कि उन्होंने अपने पद का कथित दुरुपयोग करते हुए अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसके बाद बिहार शरीफ और नालंदा जिले के अन्य स्थानों सहित तीन ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया था।

ईओयू की ताजा कार्रवाई को सरकारी पद पर रहते हुए कथित तौर पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामलों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक और कड़ी माना जा रहा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *