सिंगापुर: ऑनलाइन धोखाधड़ी और दुर्भावनापूर्ण साइबर गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सिंगापुर ने प्रमुख ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के लिए साइबर सुरक्षा नियमों को और कड़ा कर दिया है। नए और संशोधित आचार संहिता का उद्देश्य मैसेजिंग, सोशल मीडिया और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा मजबूत करना है। सिंगापुर पुलिस बल (SPF) के अनुसार, नए नियम सोमवार को जारी किए गए। ये 2024 में लागू किए गए उपायों को और मजबूत करते हैं। पुलिस के मुताबिक, निर्धारित ऑनलाइन सेवाओं पर दर्ज घोटाले के मामलों में 2024 से 2025 के बीच करीब 37 प्रतिशत की कमी आई थी।
मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर अज्ञात संपर्कों को लेकर सख्ती
नई मैसेजिंग संहिता के तहत किसी प्लेटफॉर्म को अज्ञात संपर्कों के जरिए किसी उपयोगकर्ता को ग्रुप में जोड़ने से पहले उसकी सहमति सुनिश्चित करनी होगी। इसके अलावा, संदिग्ध खातों को लेकर उपयोगकर्ताओं को चेतावनी देने और अनजान संपर्कों से आने वाले संदेशों तथा कॉल को फिल्टर या ब्लॉक करने का विकल्प देना भी जरूरी होगा। सोशल मीडिया से जुड़ी संहिता के तहत प्लेटफॉर्म को संदिग्ध घोटाला विज्ञापनों की पहचान कर उन्हें हटाना होगा। साथ ही विज्ञापनदाताओं की पहचान का सत्यापन भी करना होगा। सिंगापुर के उपयोगकर्ताओं को लक्षित वित्तीय विज्ञापन केवल लाइसेंस प्राप्त सेवा प्रदाताओं के होने चाहिए। इससे ऑनलाइन माध्यमों के जरिए होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी को रोकने की कोशिश की जा रही है।
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को 2027 तक करना होगा पालन
संशोधित ई-कॉमर्स संहिता में लॉगिन और विज्ञापन से जुड़े सुरक्षा उपायों को भी मजबूत किया गया है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को इन नए नियमों का पालन 31 जनवरी 2027 तक करना होगा।
प्रस्तावित कानून के तहत नियमों का पालन नहीं करने वाले प्लेटफॉर्म पर अधिकतम 1 करोड़ सिंगापुर डॉलर यानी करीब 78.3 लाख अमेरिकी डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
2026 के अंत तक बनेगा क्वांटम-सेफ सेंटर
साइबर सुरक्षा को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में सिंगापुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SIT) और प्रौद्योगिकी कंपनी IBM ने 2026 के अंत तक एक क्वांटम-सेफ सेंटर स्थापित करने की घोषणा की है। पूर्वोत्तर सिंगापुर में स्थित SIT के पुंगगोल परिसर में प्रस्तावित यह केंद्र संगठनों को उनकी साइबर सुरक्षा कमजोरियों का आकलन करने, क्वांटम-सेफ क्रिप्टोग्राफी अपनाने और पोस्ट-क्वांटम दौर के लिए विशेषज्ञ तैयार करने में मदद करेगा। SIT और IBM ने मंगलवार को संयुक्त बयान में कहा कि क्वांटम कंप्यूटिंग के विकास के साथ मौजूदा एन्क्रिप्शन तकनीकें भविष्य में अधिक उन्नत साइबर खतरों के प्रति कमजोर हो सकती हैं।
केंद्र संगठनों को क्वांटम कंप्यूटिंग से जुड़े साइबर जोखिमों के बारे में जागरूक करेगा। साथ ही उनकी तैयारियों का आकलन कर कमजोरियों की पहचान और नई सुरक्षा प्रणालियों में बदलाव की दिशा तय करने में सहायता करेगा।इसके अलावा, क्वांटम-सेफ तकनीकों के परीक्षण के लिए यहां लाइव टेस्टबेड उपलब्ध कराया जाएगा। कंपनियां और शोधकर्ता वास्तविक उपयोग के मामलों के आधार पर विभिन्न सुरक्षा समाधानों का परीक्षण कर सकेंगे।केंद्र में कार्यकारी शिक्षा, पेशेवर प्रशिक्षण और अनुप्रयुक्त शोध की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। उद्योग, अकादमिक जगत और सरकार से जुड़े हितधारकों को एक मंच पर लाकर सिंगापुर की पोस्ट-क्वांटम साइबर सुरक्षा क्षमता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।








