कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के न्यू मार्केट थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित ‘शिका इन’ (Shika Inn) होटल में तड़के करीब 2:00 बजे भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त होटल में ठहरे अधिकांश लोग सो रहे थे। आग की लपटों और भीषण धुएं के कारण पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 2 महिलाओं और 1 बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई है।
इलाज के लिए भारत आए थे बांग्लादेशी नागरिक
अग्निशमन विभाग के अनुसार, इस अग्निकांड में मारे गए सभी 9 लोग बांग्लादेशी नागरिक थे, जो अपने इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए हुए थे। आग के बाद उठे भीषण धुएं के कारण दमकलकर्मियों को सीढ़ियों से ऊपर की मंजिलों तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मौतों की मुख्य वजह जहरीले धुएं के कारण दम घुटना है।
80 लोगों का रेस्क्यू, होटल के 2 कर्मचारी हिरासत में
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, बिजली विभाग और दमकल की 4 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस और दमकलकर्मियों ने बेहद विकट परिस्थितियों में साझा अभियान चलाते हुए लगभग 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान 9 लोग अचेत अवस्था में मिले, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने होटल के 2 कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया है और फॉरेंसिक टीम आग के सही कारणों की जांच में जुट गई है।
मंत्रियों ने लिया जायजा, जांच के दिए सख्त आदेश
घटना की जानकारी मिलते ही शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल, उद्योग मंत्री तापस रॉय और राज्य के मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा कि समय पर रेस्क्यू न होता तो 100 से अधिक जानें जा सकती थीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि होटल के लाइसेंस, सुरक्षा मानकों और लापरवाही की पूरी निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read More : सीएमपीडीआई में ‘नशा-मुक्त भारत अभियान’ के तहत दिलाई गई शपथ








