पटना : बिहार में लंबे समय से चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने मंगलवार शाम को 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। नोटिफिकेशन जारी होते ही नौकरी की आस लगाए बैठे हजारों प्रतिभागियों के चेहरे खिल उठे हैं। जारी विज्ञापन के अनुसार इस भर्ती अभियान में सबसे ज्यादा पद 11वीं और 12वीं कक्षा के शिक्षकों के लिए रखे गए हैं। इसके अलावा प्राथमिक, मध्य और माध्यमिक स्तर पर भी बड़ी संख्या में रिक्तियां निकाली गई हैं।
कक्षावार पदों का पूरा विवरण :
कक्षा 1 से 5 (प्राथमिक): 3,847 पद
कक्षा 6 से 8 (मध्य): 8,563 पद
कक्षा 9 से 10 (माध्यमिक): 3,877 पद
कक्षा 11 से 12 (उच्च माध्यमिक): 16,101 पद
कुल पद: 32,388
CM सम्राट चौधरी बोले…
भर्ती को लेकर CM सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से आयोग को अधियाचना भेज दी गई थी। राज्य सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बहाली से युवाओं को सरकारी नौकरी मिलेगी और राज्य के स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी।
अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच जारी हुआ विज्ञापन
उल्लेखनीय है कि शिक्षक अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग कर रहे थे। छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों अभ्यर्थी गर्दनीबाग धरनास्थल पर टीआरई-4 विज्ञापन, बीएसएससी एग्जाम डेट, लाइब्रेरियन बहाली, बीईटी, दरोगा और सिपाही बहाली समेत सभी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। अभ्यर्थियों के बढ़ते दबाव और मांग के बीच आयोग ने शाम को नोटिफिकेशन जारी कर दिया।








