नई दिल्ली : स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) समर्थित ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ (SBN) के खिलाफ 14 राज्यों में एक साथ बड़ी बहु-राज्यीय कार्रवाई की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत चलाए गए इस ऑपरेशन में आतंकी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया गया है। कार्रवाई के दौरान 14 राज्यों से 253 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि 80 से अधिक एफआईआर दर्ज कर 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं।
Read More : JSSC CGL पेपर लीक मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, दफ्तर में छापा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय सुरक्षा बलों ने एक साथ ऑपरेशन चलाकर इस नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया और स्वतंत्रता दिवस से पहले उनके खतरनाक हमलों के मंसूबों को नाकाम कर दिया।
कार्रवाई और बरामदगी
गृह मंत्री ने बताया कि आईएसआई से फंडिंग प्राप्त करने वाले इस गुट के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए गए हैं। इसमें आईईडी (IED), पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले सीसीटीवी कैमरे शामिल हैं। यह बरामदगी सीधे तौर पर सीमा-पार के संबंधों की पुष्टि करती है। शाहजाद भट्टी नेटवर्क भारत में ग्रेनेड, आईईडी, पेट्रोल बम हमलों और टारगेटेड किलिंग में शामिल रहा है। यह सिंडिकेट स्थानीय सहयोगियों को पैसे देकर पुलिस, रक्षा प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करवाता था और जासूसी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाता था।
राज्यों में हुई गिरफ्तारियां
12 अगस्त को राज्य पुलिस बलों और खुफिया एजेंसियों द्वारा चलाए गए इस समन्वित अभियान में उत्तर प्रदेश से 62, हरियाणा से 52, दिल्ली से 51, पंजाब से 44, राजस्थान से 15, महाराष्ट्र से 8, उत्तराखंड से 5, कर्नाटक, गुजरात व बिहार से 3-3, तथा तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर व केरल से 2-2 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा दिल्ली और कर्नाटक में नए मामले दर्ज किए गए हैं। अब तक शाहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ दर्ज 80 से अधिक एफआईआर में यूएपीए (UAPA), बीएनएस (BNS), आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराएं शामिल की गई हैं।








