रांची : झारखंड पुलिस मुख्यालय ने बहादुरी और उत्कृष्ट सेवा के लिए 37 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति देने का आदेश जारी किया है। इसके तहत 12 दारोगा को पदोन्नत कर इंस्पेक्टर बनाया गया है। इसके अलावा हवलदार, एएसआई (ASI) और आरक्षी स्तर के पुलिसकर्मियों को भी प्रमोशन का लाभ दिया गया है। डीजीपी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक (मानवाधिकार) की ओर से प्रोन्नति आदेश जारी कर दिया गया है।
Read More : JPSC-JSSC छात्र आंदोलन: राहुल गांधी ने CM हेमंत को लिखा पत्र
12 दारोगा बने इंस्पेक्टर
प्रोन्नति पाने वाले दारोगाओं में सुशील टुडू, प्रभात रंजन राय, फागू होरो, रामेश्वर भगत, सत्येंद्र कुमार सिंह, अर्जुन कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार सिंह, कुंदन कुमार, रौशन कुमार सिंह, विक्रांत कुमार, सदानंद सिंह और विश्वजीत कुमार सिंह शामिल हैं। इन सभी पुलिस अधिकारियों को अब इंस्पेक्टर पद की जिम्मेदारी दी गई है। प्रोन्नति पाने वाले पुलिसकर्मियों ने राज्य में नक्सलियों और संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ चलाए गए कई अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, जवानों की बहादुरी, कर्तव्यनिष्ठा और बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए ही विभाग द्वारा यह सम्मान दिया गया है।
घटना की तारीख से मिलेगा वरिष्ठता का लाभ
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित पुलिसकर्मियों को प्रोन्नत पद पर वरिष्ठता का लाभ उस बहादुरी वाली घटना की तारीख से मिलेगा, जिसके आधार पर उन्हें प्रमोशन दिया गया है। हालांकि, प्रोन्नत पद का बढ़ा हुआ वेतनमान और आर्थिक लाभ योगदान देने की तिथि से ही लागू होगा। पुलिस मुख्यालय ने संबंधित जिलों के एसएसपी, एसपी और समादेष्टाओं को निर्देश दिया है कि पदोन्नति पाने वाले पुलिसकर्मियों का समायोजन नियमानुसार तुरंत पूरा किया जाए।
हवलदार और आरक्षियों को भी मिला प्रमोशन
प्रमोशन का यह लाभ केवल अधिकारियों तक सीमित नहीं है। गुमला, सिमडेगा, खूंटी, हजारीबाग और रांची में तैनात कई हवलदारों और आरक्षियों को भी पदोन्नति दी गई है। इसके साथ ही कुछ जवानों को बैकडेट से प्रमोशन और वरिष्ठता का लाभ देने का प्रावधान भी रखा गया है।








