रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने 20 अगस्त को CM आवास के घेराव का ऐलान किया है। इस घोषणा के बाद राजधानी रांची में पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड़ पर आ गए हैं। हाल ही में हुए विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुए टकराव को देखते हुए इस बार सुरक्षा घेरे को और अधिक मजबूत किया जा रहा है।
Read More : शहजाद पूनावाला ने बीजेपी से दिया इस्तीफा, निजी कारणों का हवाला देकर छोड़ा पद
प्रशासनिक स्तर पर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लेकर CM आवास तक के पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेने की तैयारी की गई है। मुख्य रास्तों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी।
सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति
आंदोलन से निपटने के लिए करीब 2,000 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती का खाका तैयार किया जा रहा है। संवेदनशील और प्रमुख चौराहों पर पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ डीएसपी (DSP) स्तर के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सीधी नजर रखी जा सके।
ट्रैफिक और भीड़ से निपटने की चुनौती
CM आवास शहर के मध्य में स्थित होने के कारण छात्रों के इस विरोध मार्च से रांची की सामान्य ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। इसे देखते हुए कई इलाकों में रूट डायवर्जन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है, जिससे वैकल्पिक सड़कों पर गाड़ियों का दबाव बढ़ेगा। खुफिया एजेंसियां अन्य जिलों से रांची आ रहे अभ्यर्थियों की संख्या, उनके आने वाले रूट और रणनीति पर लगातार इनपुट जुटा रही हैं। पुलिस प्रशासन इनपुट्स के आधार पर अंतिम सुरक्षा खाका तैयार कर रहा है। दूसरी ओर, प्रशासन की ओर से छात्रों से बातचीत कर हल निकालने की कोशिश भी की जा रही है ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।








