रांची : JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की CBI जांच और विवादित परीक्षाओं को रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार 24वें दिन भी जारी है। आज यानी 17 अगस्त को दोपहर 2 बजे सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच वार्ता प्रस्तावित है। वार्ता से पहले नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कई सवाल पूछे हैं।
Read More : JPSC-JSSC आंदोलन: छात्रों से आज दोपहर 2 बजे होगी वार्ता
प्रशांत कुमार और सुधीर गुप्ता पर कार्रवाई क्यों नहीं?
बाबूलाल मरांडी ने JSSC-CGL विवाद को लेकर प्रभारी चेयरमैन IAS प्रशांत कुमार और सचिव सुधीर गुप्ता पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर सरकार से सवाल किया है। उन्होंने पूछा कि लगातार सामने आ रहे खुलासों के बावजूद यदि सरकार कोर्ट के आदेश की व्याख्या को लेकर परीक्षा रद्द करने में मजबूरी बता रही है, तो इन अधिकारियों को पद से हटाने, FIR दर्ज कराने और कार्रवाई करने में कैसी मजबूरी है। नेता प्रतिपक्ष ने JSSC मामले में इस्तीफा देने वाले नीरज सिन्हा के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने इसकी तुलना JPSC मामले में इस्तीफा देने वाले ख्यांगते की गिरफ्तारी से की और पूछा कि एक मामले में कार्रवाई और दूसरे में कथित नरमी क्यों बरती जा रही है। नीरज सिन्हा राज्य के DGP पद से सेवानिवृत्त होने के बाद JSSC के अध्यक्ष नियुक्त हुए थे।
IAS और IPS होने के कारण अलग रवैया?
बाबूलाल मरांडी ने सवाल उठाया कि क्या ख्यांगते के IAS और नीरज सिन्हा के IPS अधिकारी होने की वजह से दोनों मामलों में अलग-अलग रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए और पूरे मामले में सरकार से जवाब मांगा। बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से कहा कि यदि सरकार की नीयत साफ है तो कथित गड़बड़ी से जुड़े लोगों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने घूस देकर नौकरी हासिल करने के आरोपों को लेकर वायरल हो रहे 10-12 नामों की जांच कराने, संबंधित लोगों को पद से हटाने और उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष ने छात्रों की मांग के मुताबिक JPSC और JSSC से जुड़े सभी विवादित मामलों की जांच CBI को सौंपने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि केवल आंदोलन खत्म कराने की कोशिश करने के बजाय सरकार को छात्रों की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब देना चाहिए।
आज दोपहर 2 बजे सरकार और छात्रों की वार्ता
JPSC और JSSC परीक्षा विवाद को लेकर सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच आज, 17 अगस्त को दोपहर 2 बजे वार्ता प्रस्तावित है। बाबूलाल मरांडी के सवालों के बाद इस वार्ता को और महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर है कि सरकार छात्रों की मांगों पर क्या रुख अपनाती है और बातचीत से आंदोलन खत्म करने की दिशा में कोई रास्ता निकलता है या नहीं। इस बीच छात्रों का आंदोलन जारी है। रविवार को आंदोलनकारी छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध जताया था। ऐसे में आज होने वाली वार्ता से लंबे समय से जारी गतिरोध के समाधान की कोई राह निकलती है या आंदोलन और आगे बढ़ता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
एक के बाद एक रोज हो रहे हैरान कर देने वाले ख़ुलासे के बावजूद कोर्ट के आदेश की गलत व्याख्या कर JSSC-CGL को रद्द करने में मजबूरी बता रही झारखंड सरकार को JSSC के प्रभारी चेयरमैन आईएएस प्रशांत कुमार और सचिव सुधीर गुप्ता को फ़ौरन पद से मुक्त कर उनपर एफआईआर और कारवाई न करने में कौन सी… https://t.co/E8C95p30nf
— Babulal Marandi (@yourBabulal) August 17, 2026








