रांची : झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पांकी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सकलदीपा गांव का दौरा किया। उन्होंने वहां पहुंचकर एक समुदाय विशेष के लोगों द्वारा आदिवासी बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और उसकी दो बहनों के कथित अपहरण मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पीड़ित परिवार से मिलने के बाद बाबूलाल मरांडी ने फुलवरिया बाजार टांड़ में आयोजित विशाल आक्रोश महापंचायत सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार द्वारा बताई गई आपबीती बेहद दुखद और चिंताजनक है। पीड़िता के साथ बीते फरवरी महीने में दुष्कर्म हुआ था, जिसके बाद आरोपी के परिजनों द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही थीं।
Read More : रांची के बांधगाड़ी में सरकारी भूमि से हटा अतिक्रमण, संयुक्त जांच में सीमांकन पूरा
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि पीड़िता की बहनों पर दबाव बनाने और उन्हें परेशान करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि हर समाज की तरह आदिवासी समाज की भी अपनी विशिष्ट संस्कृति, परंपराएं और रहन-सहन है, जिस पर किसी भी प्रकार का अनुचित दबाव स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अपराधियों और दुराचारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए समाज और स्थानीय प्रशासन से ऐसे तत्वों का बहिष्कार करने का आह्वान किया।
पांकी दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मिले बाबूलाल मरांडी, प्रशासन से सुरक्षा की मांग@yourBabulal @BJP4Jharkhand #BabulalMarandi #Panki #SakaldipaPankiIncident #PankiAakroshMahapanchayat #jhlive pic.twitter.com/seyYsBdCly
— JH LIVE (@jhliveonline) August 13, 2026
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस घटना के बाद से पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने पलामू जिले के SP से बात कर पीड़ित परिवार को तत्काल पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। इस मौके पर चतरा सांसद कालीचरण सिंह, पांकी विधायक शशि भूषण मेहता, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिलाध्यक्ष अमित तिवारी सहित भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









