नई दिल्ली : स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को लेकर दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच पुलिस ने 19 मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची जारी की है. इस लिस्ट में झारखंड से जुड़े दो आतंकियों के नाम भी शामिल हैं. दिल्ली पुलिस ने इन सभी 19 मोस्ट वांटेड आतंकियों के पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगा दिए हैं. जारी सूची में झारखंड के चतरा निवासी अबू सूफियान और जमशेदपुर के आजादनगर निवासी सैयद मोहम्मद अर्शियान का नाम शामिल है. पुलिस के अनुसार ये दोनों आतंकी अल-कायदा से जुड़े हुए हैं. सुरक्षा एजेंसियां इनकी तलाश में लगातार जुटी हुई हैं.
Read More : झारखंड पुलिस के 29 अधिकारी-कर्मी होंगे सम्मानित, कैलाश श्रेष्ठ को PPM
अलग-अलग आतंकी संगठनों से जुड़े हैं संदिग्ध
पुलिस द्वारा जारी पोस्टरों में देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े अन्य वांटेड आतंकियों के नाम और तस्वीरें भी शामिल की गई हैं. इस सूची में अल-कायदा और इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े संदिग्ध आतंकियों के अलावा खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े नाम भी दर्ज हैं. सूची में मोहम्मद शर्जील अख्तर का नाम शामिल है, जिसके संबंध अल-कायदा और इंडियन मुजाहिदीन से बताए गए हैं. वहीं इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े आतंकियों के रूप में रियाज भटकल और शबांदरी मोहम्मद इकबाल उर्फ इकबाल भटकल के नाम शामिल हैं.
खालिस्तानी संगठनों के आतंकियों के नाम भी सूची में
खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा से जुड़े हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला, वधावा सिंह बब्बर और गुरमीत सिंह बग्गा के नाम भी इस लिस्ट में हैं. इसके अलावा खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स से जुड़े रंजीत सिंह उर्फ नीता और परमजीत सिंह पम्मा के नाम भी शामिल किए गए हैं.
पुलिस की जनता से सतर्क रहने की अपील
स्वतंत्रता दिवस से पहले यह सूची जारी कर पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वांटेड आतंकी से संबंधित जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें. सूचना देने वाले नागरिकों के लिए इनाम की भी घोषणा की गई है.




