नई दिल्ली : 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के बीच नई दिल्ली स्थित लाल किला परिसर में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने देशभर से पहुंचे युवाओं से खास संवाद किया। स्वतंत्रता दिवस शिविर (IDC-2026) में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से 2,000 एनसीसी (NCC) कैडेट्स और 500 ‘माई भारत’ (MY Bharat) स्वयंसेवक दिल्ली पहुंचे हैं। इस अवसर पर आयोजित एक विशेष समारोह में रक्षा राज्य मंत्री ने युवाओं को स्मृति चिन्ह (Souvenir) देकर सम्मानित किया।
Read More : झारखंड विधानसभा में JPSC पर घमासान, मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
कार्यक्रम के दौरान पूरा लाल किला परिसर “भारत माता की जय”, “जय हिंद” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी उद्घोष से गूंज उठा। युवाओं के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए संजय सेठ ने कहा कि एनसीसी का अनुशासन और ‘माई भारत’ की युवा शक्ति मिलकर सशक्त भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रहे हैं। उन्होंने इन युवाओं को विकसित भारत का ब्रांड एंबेसडर बताया।

रक्षा राज्य मंत्री ने उपस्थित कैडेट्स और स्वयंसेवकों का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को पूरा करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और देश के अन्य युवाओं को भी राष्ट्र निर्माण से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि कर्तव्यबोध, अनुशासन और निस्वार्थ देशभक्ति का पर्व है।
समारोह में संयुक्त सचिव (समारोह) अमिताभ प्रसाद, एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स तथा ‘माई भारत’ की निदेशक सुश्री वंदिता पांडे भी गरिमामयी उपस्थिति में मौजूद रहीं। रक्षा राज्य मंत्री ने राष्ट्रीय समारोह की तैयारियों में दिन-रात जुटे इन युवाओं के परिश्रम और निष्ठा को पूरे देश की ओर से नमन किया।




