रांची : रांची में जेपीएससी और जेएसएससी अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आहूत झारखंड बंद का मंगलवार को जमशेदपुर में मिला-जुला असर देखने को मिला। सुबह से ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता शहर के विभिन्न इलाकों में सड़कों पर उतरे और व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील करते नजर आए।
Read More : रांची में 15 अगस्त को बंद रहेंगी मांस-मछली की सभी दुकानें
बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग-अलग मंडलों में जुलूस निकाला और बाजारों का दौरा किया। मानगो बस स्टैंड और भुईयाडीह इलाके में पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने कार्यकर्ताओं के साथ बंद की कमान संभाली और दुकानदारों तथा वाहन चालकों से सहयोग की अपील की। वहीं, बागबेड़ा क्षेत्र में सुबोध झा के नेतृत्व में कार्यकर्ता दुकानें बंद कराते दिखे।
कदमा, सोनारी, जुगसलाई, बिष्टुपुर, साकची, परसूडीह और सुंदरनगर समेत कई इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दौरा कर सहयोग मांगा। गोलमुरी बाजार में बंद का असर अपेक्षाकृत अधिक दिखा, जहां कई दुकानदारों ने अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे। हालांकि, शहर के अन्य कई हिस्सों में सामान्य दिनों की तरह दुकानें खुली रहीं और कारोबार जारी रहा।
प्रदर्शन और बंदी के बावजूद शहर में यातायात व्यवस्था पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा। ऑटो-रिक्शा समेत अन्य यात्री वाहन सड़कों पर सामान्य रूप से आवाजाही करते रहे। सुबह आठ बजे से कार्यकर्ताओं की सक्रियता के बावजूद शहर में बंद का बहुत व्यापक असर देखने को नहीं मिला।
भाजपा ने एंबुलेंस, अस्पतालों, मेडिकल दुकानों और स्कूलों जैसी सभी आवश्यक सेवाओं को बंद के दायरे से पूरी तरह बाहर रखा। उधर, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने प्रमुख बाजारों तथा संवेदनशील चौराहों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की है।




