रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित 14वीं प्रारंभिक परीक्षा (PT) समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और धांधली की जांच अब और तेज हो गई है। इस मामले में ED यानी प्रवर्तन निदेशालय की आधिकारिक एंट्री हो चुकी है। ED ने CID द्वारा दर्ज प्राथमिकी (FIR) के आधार पर अपनी ECIR (Enforcement Case Information Report) दर्ज कर ली है। अब जांच एजेंसी मुख्य रूप से पैसों के अवैध लेन-देन, मनी लॉन्ड्रिंग और आरोपियों द्वारा बनाई गई अवैध संपत्ति के स्रोतों की गहन जांच करेगी। वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि होने पर ED आरोपियों को गिरफ्तार भी कर सकती है।
Read More : JPSC-JSSC आंदोलन: विधानसभा घेराव को निकले छात्र, 500 हिरासत में
JPSC के तीनों सदस्यों का इस्तीफा, राज्यपाल ने दी मंजूरी
रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के भारी विरोध और आंदोलन के बीच JPSC के तीनों सदस्यों अजीता भट्टाचार्य, अनिमा हंसदा और जमाल अहमद ने रविवार को अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इन तीनों का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। मालूम हो कि इससे पहले 22 जुलाई को JPSC के अध्यक्ष एल. खियांगते ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
CID कर रही है वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ
सीआईडी (CID) पेपर लीक और परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के संबंध में आयोग के पूर्व पदाधिकारियों से लगातार पूछताछ कर रही है :
पूछताछ का शेड्यूल : CID ने JMM नेता सुप्रियो भट्टाचार्य की पत्नी अजीता भट्टाचार्य को 10 अगस्त, जमाल अहमद को 12 अगस्त और अनिमा हंसदा को 14 अगस्त को पूछताछ के लिए समन भेजा है।
पूर्व अध्यक्ष से पूछताछ : पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते से सीआईडी अब तक चार बार (28, 29 और 31 जुलाई को) लंबी पूछताछ कर चुकी है और उनके आवास पर तलाशी भी ली जा चुकी है।
अब तक 19 गिरफ्तारियां : JPSC परीक्षाओं में हुई धांधली के सिलसिले में पुलिस और CID द्वारा अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
छात्रों का आंदोलन जारी, आज विधानसभा घेराव
JPSC और JSSC की परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अभ्यर्थी सड़कों पर हैं। सोमवार को छात्रों ने रांची में पुराने विधानसभा भवन से नए विधानसभा भवन के बीच विरोध मार्च निकाला और विधानसभा घेराव का प्रयास किया। इससे पहले बढ़ते छात्र आंदोलन को देखते हुए JPSC ने 25 से 27 जुलाई तक प्रस्तावित कंबाइंड सिविल सर्विसेज मेन्स परीक्षा को स्थगित कर दिया था।



