रांची : रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच शुक्रवार को SDM कुमार रजत और ADM (लॉ एंड ऑर्डर) पहुंचे। अधिकारियों ने स्टेडियम परिसर में आंदोलनकारी छात्रों के लिए स्वास्थ्य, सफाई और पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों के इस दौरे के बाद आंदोलनरत छात्रों और सरकार के बीच फिर से औपचारिक बातचीत शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Read More : 15 अगस्त समारोह की तैयारियों में जुटी झारखंड सरकार, मुख्य सचिव ने बुलाई उच्चस्तरीय बैठक
राहुल क्रांति की तबीयत बिगड़ी, सदर अस्पताल में भर्ती
अधिकारियों के दौरे के दौरान अनशन पर बैठे छात्र नेता राहुल क्रांति की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। SDM कुमार रजत ने जानकारी दी कि राहुल क्रांति का डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है। अधिकारियों ने अस्पताल जाकर उनके स्वास्थ्य का हालचाल भी जाना।
सरकार के निर्देश का इंतजार, वार्ता की संभावना बरकरार
आंदोलनकारी छात्रों के साथ बातचीत के सवाल पर SDM कुमार रजत ने स्पष्ट किया कि फिलहाल सरकार की ओर से वार्ता के समय या स्थान को लेकर कोई लिखित निर्देश नहीं मिला है। हालांकि, उन्होंने आज बातचीत की संभावना से इनकार भी नहीं किया। SDM ने कहा कि सभी को सकारात्मक रहने की जरूरत है और शासन से दिशा-निर्देश मिलते ही आगे का कदम उठाया जाएगा। दूसरी ओर, छात्र प्रतिनिधि लगातार मांग कर रहे हैं कि सरकार उनकी मांगों का पारदर्शी तरीके से समाधान निकाले।




